LIC को ICICI Bank में 9.99% तक हिस्सेदारी खरीदने के लिए RBI की मंजूरी
Chini Mandi 09/05/2026Financial Planning
ई दिल्ली : सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) को निजी क्षेत्र के प्रमुख बैंक ICICI Bank में अपनी कुल हिस्सेदारी बढ़ाकर 9.99 प्रतिशत तक करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से मंजूरी मिल गई है। नियामकीय फाइलिंग के अनुसार, LIC बैंक की चुकता शेयर पूंजी या मतदान अधिकारों में कुल 9.99 प्रतिशत तक हिस्सेदारी हासिल कर सकती है। ICICI Bank ने बताया कि, उसे 4 सितंबर 2026 को रात 9:09 बजे RBI के मंजूरी पत्र की प्रति प्राप्त हुई। RBI की यह मंजूरी पत्र जारी होने की तारीख से एक वर्ष तक वैध रहेगी। यदि इस अवधि के भीतर हिस्सेदारी का अधिग्रहण नहीं किया जाता है, तो मंजूरी स्वतः समाप्त हो जाएगी।
फाइलिंग के मुताबिक, LIC द्वारा हिस्सेदारी बढ़ाने की प्रक्रिया लागू वैधानिक और नियामकीय प्रावधानों के अधीन होगी। बैंक ने कहा कि RBI की मंजूरी कुछ शर्तों के साथ दी गई है, जिनमें संबंधित कानूनों और नियामकीय नियमों का पालन शामिल है। RBI ने LIC को ICICI Bank की चुकता शेयर पूंजी या मतदान अधिकारों में कुल 9.99 प्रतिशत तक हिस्सेदारी हासिल करने की अनुमति दी है।
HDFC Bank में भी हिस्सेदारी बढ़ाने की मिली मंजूरी
इससे पहले LIC को देश के एक अन्य प्रमुख निजी बैंक HDFC Bank में भी अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 9.99 प्रतिशत तक करने के लिए RBI की मंजूरी मिल चुकी है। 19 अगस्त की HDFC Bank की नियामकीय फाइलिंग के अनुसार, RBI ने LIC को बैंक की चुकता शेयर पूंजी या मतदान अधिकारों में 9.99 प्रतिशत तक अतिरिक्त हिस्सेदारी हासिल करने की अनुमति दी थी। फाइलिंग में बताया गया था कि, LIC के पास उस समय HDFC Bank की कुल शेयर पूंजी का 4.11 प्रतिशत हिस्सा था।
LIC के शेयर में मामूली गिरावट
शुक्रवार को कारोबार समाप्त होने पर LIC का शेयर 415.35 रुपये पर बंद हुआ। इसमें पिछले बंद भाव के मुकाबले 1.55 रुपये यानी 0.37 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। ICICI Bank और HDFC Bank में हिस्सेदारी बढ़ाने की RBI से मिली मंजूरी से LIC की देश के प्रमुख निजी बैंकों में निवेश उपस्थिति और मजबूत होने की संभावना है।